Hot Posts

6/recent/ticker-posts

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना


 *गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना*

*जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने पोलिंग पार्टियों को दिए निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान संपन्न कराने के निर्देश*

*जनपद में बनाए गए 09 मतदान केंद्रों पर 2,891 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग*

अम्बेडकरनगर। 22 अक्टूबर 2026 गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद में निर्वाचन संबंधी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट से पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।

         पोलिंग पार्टियों की रवानगी से पूर्व जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान कार्मिकों को कलेक्ट्रेट सभागार में ब्रीफिंग में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराई जाए। सभी मतदान कार्मिक समयबद्धता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए पूरी सतर्कता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

         कलेक्ट्रेट सभागार में पोलिंग पार्टियों की ब्रीफिंग के उपरांत उन्हें आवश्यक मतदान सामग्री उपलब्ध कराई गई। साथ ही, संबंधित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का भली-भांति निरीक्षण करने, निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।

      जनपद अम्बेडकरनगर में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए कुल 09 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2,891 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान पूर्वाह्न 8:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक होगा।

        इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी श्रीमती सविता सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेश चंद्र द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी एवं निर्वाचन कार्मिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments