*27 अक्टूबर को विधान सभा आलापुर व 30 अक्टूबर को टांडा में आयोजित होगा विधान सभा स्तरीय रोजगार मेला*
*18 से 40 वर्ष तक के बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार पाने का अवसर, रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य*
अम्बेडकरनगर। 21 अक्टूबर, 2026 उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जनपद के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला सेवायोजन कार्यालय, अम्बेडकरनगर द्वारा विधानसभा आलापुर एवं विधानसभा टाण्डा में विधानसभा स्तरीय रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है।
जिला सेवायोजन अधिकारी अनुपमा रानी ने बताया कि विधानसभा आलापुर में 27 अक्टूबर, 2026 को परिसर पं. रामलखन शुक्ल राजकीय पीजी कॉलेज, आलापुर में तथा विधानसभा टाण्डा में 30 अक्टूबर, 2026 को चौधरी हनुमान प्रसाद कृषक पीजी कॉलेज, रुद्रपुर भगाही, बरियावन, अम्बेडकरनगर में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन रोजगार मेलों में देश एवं प्रदेश की निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां जनपद के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार प्रदान करने के उद्देश्य से प्रतिभाग करेंगी। मेले में 18 से 40 वर्ष तक की आयु के कक्षा 10वीं, 12वीं, आईटीआई उत्तीर्ण एवं अन्य उच्चतर शैक्षिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल "rojgaarsangam.up.gov.in" पर अपना पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के उपरांत ही अभ्यर्थी रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकेंगे।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने जनपद के समस्त पात्र बेरोजगार युवक-युवतियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आयोजित रोजगार मेले में प्रतिभाग कर निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने के इस अवसर का लाभ अवश्य उठाएं। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए किसी भी प्रकार का मार्ग व्यय अथवा भत्ता देय नहीं होगा।


0 Comments