Hot Posts

6/recent/ticker-posts

विशेष टीईटी में शिक्षामित्रों को शामिल न किए जाने से आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी


 *विशेष टीईटी में शिक्षामित्रों को शामिल न किए जाने से आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी*

*सरकार पर सौतेला व्यवहार और भेदभाव का आरोप, शिक्षामित्र हित में संघर्ष का ऐलान*


अम्बेडकर नगर। विशेष टीईटी परीक्षा में शिक्षामित्रों को शामिल न किए जाने को लेकर शिक्षामित्र शिक्षक संघ अम्बेडकर नगर ने नाराजगी जताई है। संगठन के जिलाध्यक्ष एवं शिक्षामित्र केयर समिति अम्बेडकर नगर के जिला संयोजक राम चन्दर मौर्य ने सरकार पर शिक्षामित्रों के साथ सौतेला एवं भेदभावपूर्ण व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया है। राम चन्दर मौर्य ने कहा कि शिक्षामित्र पिछले 26 वर्षों से प्राथमिक विद्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। जब सेवारत शिक्षकों के लिए विशेष टीईटी परीक्षा आयोजित कराई जा रही है, तो शिक्षामित्रों को इसमें शामिल होने का अवसर न दिया जाना उनके साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेशभर के शिक्षामित्रों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

उन्होंने कहा कि टीईटी एवं सीटीईटी उत्तीर्ण शिक्षामित्रों की स्थिति भी चिंताजनक है। उन्हें मात्र 11 माह के लिए अल्प मानदेय पर कार्य करना पड़ रहा है, जो वर्तमान समय में परिवार का भरण-पोषण करने के लिए पर्याप्त नहीं है।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार को शिक्षामित्रों की समस्याओं और लंबे समय से चली आ रही मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए विशेष टीईटी में शिक्षामित्रों को शामिल करने का अवसर देना चाहिए। यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो शिक्षामित्र शिक्षक संघ अम्बेडकर नगर शिक्षामित्र हित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। जिलाध्यक्ष, जिला संयोजक राम चन्दर मौर्य ने जनपद के सभी शिक्षामित्रों से अपने अधिकारों और हितों के लिए एकजुट होकर संगठन के साथ खड़े होने की अपील की है।




Post a Comment

0 Comments