*श्रीअन्न से स्वस्थ जीवन, समृद्ध किसान और सशक्त ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई दिशा: सीडीओ*
*मिलेट्स पुनरोद्धार योजना के तहत किसान मेला एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, किसानों को दी गई उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी*
*अम्बेडकरनगर में आयोजित किसान मेले में गूंजा श्रीअन्न का संदेश, मिलेट्स की खेती व उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर*
अम्बेडकरनगर। 31 अगस्त 2026। जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया के निर्देश क्रम में आज कृषि विभाग द्वारा संचालित उ०प्र० मिलेट्स पुनरोद्धार योजना अन्तर्गत मिलेट्स रेसीपी एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम तथा आत्मा योजनान्तर्गत जनपद स्तरीय गोष्ठी / किसान मेला का आयोजन लोहिया भवन अम्बेडकरनगर मे किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री आनन्द कुमार शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी एवं मुख्य अतिथि के रूप मे श्री श्यामसुन्दर वर्मा साधु वर्मा', प्रशासक/पूर्व अध्यक्ष, जिला पंचायत ने किया। सर्वप्रथम डा० अश्विनी कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक अध्यक्ष, मुख्य अतिथि, अधिकारियों एवं कृषकों का स्वागत करते हुए किसानों के हितार्थ कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए दैनिक भोज्य पदार्थ मे श्रीअन्न, ज्वार, बाजरा, सावाँ, कोदो, रागी के महत्व के विषय मे जारकारी प्रदान की गयी। श्री अरविन्द कुमार चौधरी, जिला कृषि अधिकारी द्वारा जनपद मे उपलब्ध कृषि निवेश पर चर्चा करते हुए किसानों से अनुरोध किया गया कि रवी हेतु सरसो, चना, मटर, मसूर के मिनीकिट और रवी बीजो हेतु बुकिंग करा लें। डा० एन०पी०शाही, डीन, महामाया कृषि एवं अभियंत्रण महाविद्यालय, अकबरपुर द्वारा कृषि मे अत्याधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग करके लागत कम करने का सुझाव दिया। डा० ए०के०पाठक, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी द्वारा विभाग मे संचालित योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए वर्षा ऋतु मे शत प्रतिशत पशुओं का टीकाकरण कराने हेतु कृषकों से अनुरोध किया। डा० कमलेश कुमार यादव, डीडीएम नावार्ड द्वारा के०सी०सी० धारकों से शत प्रतिशत फसल बीमा कराने एवं अन्य कृषि ऋण के बारे मे बताया गया। जिला उद्यान अधिकारी द्वारा ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई वन ड्राप मोर पर जोर दिया गया। डा० रामजीत, वरिष्ठ वैज्ञानिक के०वी०के० द्वारा मिलेट्स फसल पर विस्तृत जानकारी दी गयी। प्रगतिशील कृषक श्री संतोष सिंह द्वारा सीप/मोती की खेती तथा अजीत मांझी द्वारा जीवामृत, घनजीवामृत एवं दशपर्णी अर्क अपनाते हुए प्राकृतिक खेती के विषय में जानकारी दी गयी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बताया गया कि श्री अन्न न केवल फसल के रूप में बल्कि स्वस्थ जीवन, समृद्ध किसान, सशक्त ग्रामीण अर्थव्यवस्था और टिकाऊ कृषि के आधार के रूप मे देखा जाना चाहिए। जनपद मे मिलेट्स स्टोर की स्थापना हो चुकी है, जो प्रोसेसिंग, क्रय-विक्रय करते हुए कृषि क्षेत्र में नई दिशा प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा। इसका निर्यात करके देश की जी०डी०पी० को बढ़ाया जा सकता है। मुख्य अतिथि मा० साधु वर्मा जी द्वारा मिलेट्स के उपभोग को सबसे पौष्टिक आहार के रूप मे बताया गया।
किसान मेला मे कृषि विभाग, मृदा परीक्षण, प्राकृतिक खेती, केवीके, इफको, गन्ना, पशुपालन, मत्स्य, उद्यान, एफपीओ, बाल विकास एवं पुष्टाहार, ग्रामीण आजीविका मिशन एवं राजकीय विद्यालयों के स्टाल लगाकर कृषकों को जानकारी प्रदान की गयी। अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि द्वारा स्टाल से कृषको को जानकारी प्रदान करने के लिये 12 स्टाल को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।

0 Comments