*जिलाधिकारी ने आरसेटी में बीसी सखी प्रशिक्षुओं को वितरित किए प्रमाणपत्र, पौधारोपण कर प्रशिक्षण कार्यक्रमों की सराहना*

अम्बेडकरनगर। 21 जुलाई, 2026 जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने मंगलवार को अकबरपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) का भ्रमण कर बीसी सखी प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रमाणपत्र वितरित किए, संस्थान परिसर में पौधारोपण किया तथा आरसेटी द्वारा संचालित कौशल विकास एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रमों की सराहना की।

       कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। आगमन पर बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रमुख श्री मिहिर कुमार झा एवं अग्रणी जिला प्रबंधक श्री कमलेश भास्कर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

       जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने अपने संबोधन में कहा कि आरसेटी द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बीसी सखियों से प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं कौशल का पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ उपयोग करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने तथा आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने को कहा।

      इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बीसी सखी प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए तथा आरसेटी के विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के प्रशिक्षुओं द्वारा तैयार उत्पादों का अवलोकन कर उनकी सराहना की। 

      आरसेटी के निदेशक श्री राजेश कुमार ने संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में बीसी सखियों को छह दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जिला कारागार की महिला बंदियों को ब्यूटी पार्लर प्रबंधन का प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

        कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रमुख श्री मिहिर कुमार झा ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत बीसी सखियां बैंक ऑफ बड़ौदा की विभिन्न शाखाओं से जुड़कर अपने-अपने ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराएंगी, जिससे वित्तीय समावेशन को और अधिक गति मिलेगी।

       इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संस्थान परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

      कार्यक्रम में क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारी श्री अभय कुमार एवं श्री नितिन राय सहित आरसेटी का समस्त स्टाफ एवं प्रशिक्षु उपस्थित रहे।