*बाल दिवस पर रामनगर में ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन*
*दौड़, कबड्डी, खो-खो, लंबी कूद और ऊंची कूद में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को मेडल देकर किया गया सम्मानित*
*दिव्यांग बच्चों की तहसील स्तरीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में भी दिखा उत्साह, ‘झांसी की रानी’ एकांकी ने मोहा मन*
निराला साहित्य संवाद,
अम्बेडकरनगर। बाल दिवस के अवसर पर शिक्षा क्षेत्र रामनगर के जयराम जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इसके साथ ही विशिष्ट आवश्यकता वाले दिव्यांग बच्चों की तहसील स्तरीय शैक्षिक खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। प्रतियोगिता में परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा, रचनात्मकता और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। खंड शिक्षा अधिकारी रामनगर संतोष कुमार पाण्डेय के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम का संचालन राम विलास यादव ने किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अनीता कमल ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेता प्रतिभागियों और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ खेलकूद का भी महत्वपूर्ण स्थान है। खेलों से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। शिक्षकों का दायित्व है कि वे बच्चों की प्रतिभा पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर प्रदान करें।
प्रतियोगिता के दौरान 50 मीटर दौड़ के प्राथमिक बालक वर्ग में सीयूपीएस गदनपुर के निखिल प्रथम, पीएस शाहपुर औरांव के शिवांश द्वितीय तथा हथिना लाला के मनीष तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में पीएस बौरावं की प्रियांशी ने प्रथम, सीयूपीएस मरौचा की शिवान्या ने द्वितीय तथा मंसूरगंज की अनीसा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में यूपीएस खजुरिया के अता रसूल प्रथम, चकबसहिया के शिवम द्वितीय तथा डीपी मकरही के रजनीश तृतीय रहे। बालिका वर्ग में सीयूपीएस बौरावं की रुखसाना प्रथम, इसी विद्यालय की दिवांशी द्वितीय तथा यूपीएस अछती की जरीना खातून तृतीय स्थान पर रहीं। 200 मीटर दौड़ के बालिका वर्ग में पीएस गोहनारपुर की हलीमा खातून ने प्रथम, रामनगर की प्रियांशी ने द्वितीय तथा आमादरवेशपुर की आकृति वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग में मकरही के देवोश प्रथम, गोहनारपुर के विनय द्वितीय तथा सहिजना हमजापुर के सोनू तृतीय स्थान पर रहे।
इसके अतिरिक्त कबड्डी, खो-खो, लंबी कूद, ऊंची कूद, एथलेटिक्स एवं योग सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी आयोजन को यादगार बना दिया। कंपोजिट विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जबकि कंपोजिट विद्यालय मरौचा की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत एकांकी 'झांसी की रानी' विशेष आकर्षण का केंद्र रही। छात्राओं ने अपने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के शौर्य, साहस और बलिदान को जीवंत कर दिया। शिक्षिका शिप्रा सिंह ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
दिव्यांग बच्चों की तहसील स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्साह और प्रतिभा का अद्भुत संगम देखने को मिला। बच्चों ने कला प्रतियोगिता में अपनी कल्पनाओं और भावनाओं को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा। उनकी प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि प्रतिभा किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होती। छात्राओं ने योग के विभिन्न अभ्यासों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश भी दिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि अनीता कमल एवं खंड शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार पाण्डेय ने मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में व्यायाम शिक्षकों,ए आर पी , शिक्षकों, अनुदेशकों, अनुचरों एवं अभिभावकों की उपस्थिति रही।
बाल दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान किया। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि उचित मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और अवसर मिलने पर ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों के बच्चे भी खेल एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।




0 Comments