Hot Posts

6/recent/ticker-posts

पराली जलाने पर लगेगा भारी जुर्माना, दोबारा उल्लंघन करने पर FIR भी होगी दर्ज

 


पराली जलाने पर लगेगा भारी जुर्माना, दोबारा उल्लंघन करने पर FIR भी होगी दर्ज

श्याम चन्दर मौर्य जिला संवाददाता निराला साहित्य 

उप कृषि निदेशक की किसानों से अपील – खेतों में पराली न जलाएं, निःशुल्क उठान की सुविधा का उठाएं लाभ


अम्बेडकर नगर। जनपद में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर कृषि विभाग ने किसानों से फसल अवशेष (पराली) न जलाने की अपील की है। उप कृषि निदेशक ने समस्त सम्मानित कृषकों से अपील करते हुए कहा कि खेतों में धान की पुवाल एवं अन्य कृषि अपशिष्ट जलाने से वायु प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है, जिसका प्रतिकूल प्रभाव मानव जीवन और पर्यावरण पर पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने भी संज्ञान में लिया है।


उप कृषि निदेशक ने बताया कि जनपद, तहसील एवं विकासखंड स्तर पर पराली जलाने की घटनाओं की रोकथाम के लिए टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों के माध्यम से किसानों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेशानुसार फसल अवशेष जलाना दंडनीय अपराध है। भारत सरकार की 06 नवंबर 2024 की अधिसूचना के अनुसार पराली जलाने पर पर्यावरण क्षतिपूर्ति की वसूली का प्रावधान किया गया है।


पराली जलाने पर लगेगा इतना जुर्माना


- 2 एकड़ से कम भूमि पर पराली जलाने पर 5,000 रुपये।

- 2 से 5 एकड़ तक भूमि पर 10,000 रुपये।

- 5 एकड़ से अधिक भूमि पर 30,000 रुपये तक पर्यावरण क्षतिपूर्ति।


उन्होंने बताया कि पराली जलाने की घटना पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध राष्ट्रीय हरित अधिकरण अधिनियम की धारा 24 के अंतर्गत क्षतिपूर्ति की वसूली की जाएगी। वहीं, धारा 26 के अंतर्गत उल्लंघन की पुनरावृत्ति होने पर अर्थदंड एवं एफआईआर दर्ज कराने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


पराली का निःशुल्क उठान, किसानों को मिलेगा लाभ


कृषि विभाग की ओर से किसानों को पराली के बेहतर प्रबंधन के लिए विकल्प भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जनपद स्तरीय कार्यकारी समिति (डीएलईसी) द्वारा एग्रीगेटर/सीएचसी/बेलर के माध्यम से पराली को जनपद में स्थापित सीबीजी प्लांट तक पहुंचाने के लिए 2,400 रुपये प्रति टन की दर निर्धारित की गई है।


किसान संबंधित एग्रीगेटर से संपर्क कर अपने खेतों से पराली का निःशुल्क उठान करा सकते हैं। इसके लिए मेसर्स एग्रो उज्ज्वल फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के मोबाइल नंबर 9580961902 तथा मेसर्स सूरापुर फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के मोबाइल नंबर 9455127805 पर संपर्क किया जा सकता है।


गौशालाओं में पराली पहुंचाकर पाएं गोबर की खाद


किसानों से यह भी अपील की गई है कि वे लाभार्थी एफपीओ एवं एग्रीगेटर के माध्यम से पराली एकत्र कराकर सीबीजी प्लांट तक पहुंचाएं और इसका लाभ प्राप्त करें। इसके अतिरिक्त नजदीकी गौशालाओं में पराली पहुंचाकर बदले में निःशुल्क गोबर की खाद प्राप्त कर सकते हैं, जिससे खेतों की उर्वरा शक्ति बढ़ाने में मदद मिलेगी।


सुपर सीडर से गेहूं की बुवाई करने की अपील


उप कृषि निदेशक ने किसानों को रबी सीजन में गेहूं की बुवाई सुपर सीडर यंत्र से करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि फसल अवशेष प्रबंधन के आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग कर पराली की समस्या का समाधान किया जा सकता है। ग्राम सभाओं, ब्लॉक, तहसील एवं जनपद स्तर पर चौपाल, गोष्ठियों, किसान दिवस, समाचार पत्रों तथा अन्य मीडिया माध्यमों से जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।


अंत में उन्होंने जनपद के समस्त कृषकों से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पराली किसी भी परिस्थिति में न जलाएं तथा फसल अवशेष प्रबंधन के उपलब्ध विकल्पों को अपनाकर प्रशासन का सहयोग करें।

Post a Comment

0 Comments