*उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठ महापर्व का श्रद्धा एवं उल्लास के साथ हुआ समापन*
*विभिन्न घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, व्रती महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना के साथ किया सूर्योपासना*
*जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने चौहड़ा घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, श्रद्धालुओं को दीं छठ महापर्व की शुभकामनाएं एवं स्वयं भी की पूजा-अर्चना*
अम्बेडकरनगर।16 नवम्बर 2026 लोक आस्था, श्रद्धा एवं सूर्योपासना के महापर्व छठ के अंतिम दिन सोमवार की सुबह जनपद के विभिन्न छठ पूजा स्थलों एवं घाटों पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए व्रती महिलाओं एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु एवं खुशहाली की कामना की। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में समापन हुआ।
इस अवसर पर व्रती महिलाएं पारंपरिक पूजन सामग्री, फल, ठेकुआ एवं सूप में सजाए गए प्रसाद के साथ विभिन्न घाटों पर पहुंचीं। छठी मैया के पारंपरिक गीतों एवं भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने जल में खड़े होकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। पूरे जनपद में पर्व को लेकर उत्साह एवं आस्था का माहौल रहा।
इसी क्रम में जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने भोर में ही विभिन्न छठ पूजा स्थलों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने तहसील आलापुर अंतर्गत चौहड़ा घाट पूजा स्थल पर पहुंचकर श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं तथा स्वयं भी विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट थनिगईयरसन टी, उपजिलाधिकारी टांडा संजीव कुमार, तहसीलदार टांडा श्रीमती गरिमा भार्गव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
इसी प्रकार जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में उपजिलाधिकारियों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों द्वारा छठ पूजा स्थलों एवं घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत साफ-सफाई, प्रकाश, बैरिकेडिंग, सुरक्षा एवं सुचारु आवागमन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। स्थानीय आयोजकों एवं श्रद्धालुओं ने भी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। प्रशासनिक सतर्कता एवं आपसी सहयोग के साथ जनपद में छठ महापर्व शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ।

0 Comments