*जनपद में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता, पैनिक खरीद से बचें-जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला*
अम्बेडकरनगर। 25 मार्च 2026 जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जनपदवासियों को आश्वस्त करते हुए बताया गया कि जनपद में संचालित तीनों प्रमुख ऑयल कंपनियों के समस्त पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में कुल 166 रिटेल आउटलेट/पेट्रोल पंप पूर्ण रूप से क्रियाशील हैं और कहीं भी आपूर्ति संबंधी कोई बाधा नहीं है।
जिलाधिकारी ने आंकड़ों के माध्यम से स्थिति को स्पष्ट करते हुए बताया कि जनपद में पेट्रोल की औसत दैनिक खपत लगभग 369 किलोलीटर के सापेक्ष वर्तमान में 850 किलोलीटर पेट्रोल उपलब्ध है। इसी प्रकार डीजल की औसत दैनिक खपत 607 किलोलीटर के मुकाबले 1308 किलोलीटर की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है, जो यह दर्शाता है कि जनपद में खपत की तुलना में पर्याप्त से अधिक स्टॉक उपलब्ध है।
उन्होंने आगे बताया कि ऑयल कंपनियों द्वारा प्रचलित क्रेडिट पॉलिसी के अंतर्गत अग्रिम धनराशि जमा होने के उपरांत पेट्रोल पंपों को नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति की जा रही है। साथ ही पेट्रोलियम संगठनों के साथ सतत समन्वय स्थापित कर ईंधन की निर्बाध एवं नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
कृषक बंधुओं को विशेष रूप से आश्वस्त करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को उनकी फसल एवं कृषि कार्यों की आवश्यकताओं के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए जनपद के सभी पेट्रोल पंपों पर राजस्व विभाग (लेखपाल) एवं पुलिस विभाग के कार्मिकों की तैनाती की जा रही है, जो ईंधन लेने आने वाले व्यक्तियों का सत्यापन सुनिश्चित करेंगे, जिससे वास्तविक जरूरतमंदों को प्राथमिकता के आधार पर सुविधा उपलब्ध हो सके। इसी के साथ ही जनपद में पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी भी भ्रमणशील हैं। जिलाधिकारी ने जनसामान्य से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक खरीद से पूर्णतः बचें। उन्होंने कहा कि जनपद में ईंधन की उपलब्धता पूरी है, किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि कालाबाजारी अथवा अवैध भंडारण (होल्डिंग) करने वाले तत्वों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने एलपीजी गैस की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी दी तथा कहा कि इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यह समय अवसरवादिता का नहीं, बल्कि संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी का है। सभी नागरिक संयम एवं सहयोग का परिचय देते हुए प्रशासन के प्रयासों में सहभागी बनें और किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह से दूर रहें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक रंजीत सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी एस.के. पांडे, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार वर्मा सहित सम्मानित पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।
0 Comments