![]() |
बैंक ऑफ बड़ौदा मनाएगा अपना 119वां स्थापना दिवस: अम्बेडकरनगर जनपद में क्षेत्रीय कार्यालय एवं 43 शाखाएं करेंगी सामाजिक सरोकार के विविध कार्यक्रमों का आयोजन
अम्बेडकरनगर।बैंक ऑफ बड़ौदा अपनी गौरवशाली विरासत (लीगेसी) और समृद्ध इतिहास को समेटे हुए आगामी 20 जुलाई 2026 को अपना 119वां स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। उल्लेखनीय है कि बैंक ऑफ बड़ौदा उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC) का संयोजक है। इस ऐतिहासिक अवसर पर अम्बेडकरनगर जनपद के अग्रणी बैंक (Lead Bank) के रूप में बैंक ऑफ बड़ौदा का क्षेत्रीय कार्यालय और जिले की सभी 43 शाखाएं मिलकर बड़े स्तर पर विभिन्न सामाजिक और जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन करेंगी।
इस स्थापना दिवस को यादगार और सेवाभावी बनाने के लिए बैंक द्वारा पर्यावरण, स्वास्थ्य और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए निम्नलिखित गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई है:
119 फलदार वृक्षों का महा-रोपण: पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्षेत्रीय कार्यालय और जिले की सभी 43 शाखाओं द्वारा मिलकर कुल 119 फलदार पौधे लगाए जाएंगे।
विशाल रक्तदान शिविर का संकल्प: स्थापना दिवस के दिन क्षेत्रीय कार्यालय में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। बैंक स्टाफ,ग्राहकों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से इस शिविर में 119 यूनिट रक्त दान करने का संकल्प लिया गया है।
बुजुर्गों का सम्मान (वृद्धाश्रम में भोज): अपनी लीगेसी और संस्कारों के अनुरूप, बैंक के अधिकारी व कर्मचारी वृद्धाश्रम का दौरा करेंगे, वहां बुजुर्गों का सम्मान करेंगे और उनके लिए विशेष भोज (भोजन) का आयोजन करेंगे।
जिला अस्पताल में फल वितरण: सामाजिक सरोकार के इसी क्रम में जिला अस्पताल के महिला वार्ड में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उन्हें फल वितरित किए जाएंगे।
इसके साथ ही, स्थापना दिवस के अवसर पर जिले की सभी 43 शाखाओं में ग्राहकों के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं और कई अन्य उत्साहवर्धक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
सहायक महा प्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख श्री मिहिर कुमार झा ने इस आयोजन के बारे में बताते हुए कहा, "बैंक ऑफ बड़ौदा पिछले 119 वर्षों से देश की प्रगति और ग्राहकों के भरोसे की लीगेसी को आगे बढ़ा रहा है। 20 जुलाई को होने वाले ये सभी कार्यक्रम हमारे इसी सेवा भाव को दर्शाते हैं। हम उत्कृष्ट बैंकिंग सेवाओं के साथ-साथ अम्बेडकरनगर क्षेत्र के सामाजिक और सर्वांगीण विकास के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।"

0 Comments