*लोहिया भवन सभागार में 184 सड़क सुरक्षा मित्रों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण*
*जनभागीदारी और कौशल विकास के माध्यम से सड़क सुरक्षा को मिल रही नई दिशा*
अम्बेडकर नगर। 10 जुलाई 2026 सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज लोहिया भवन सभागार में 184 सड़क सुरक्षा मित्रों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा के मूल सिद्धांतों, उत्तर प्रदेश एवं अम्बेडकर नगर में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, सरकारी नियमों तथा स्वयंसेवकों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय पंचायती राज मंत्री/प्रभारी मंत्री श्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि प्रत्येक नागरिक वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करे, यातायात नियमों का पालन करे। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं में सुरक्षित सड़क व्यवहार की नींव रखने में माता-पिता और अभिभावकों की भूमिका सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। सरकार सड़कों और सुरक्षा अवसंरचना के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है, लेकिन समाज की सक्रिय भागीदारी के बिना लक्ष्य प्राप्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने वाहन चलाते समय सतर्कता बरतने, दुर्घटना पीड़ितों को तुरंत चिकित्सालय पहुँचाने और सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि महोदय ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल मदद करें , सरकार सहायता प्रदान करने वाले व्यक्तियों को राहबीर योजना के तहत सम्मानित एवं प्रेरित भी करती है।
सभी नागरिकों से उन्होंने सड़क सुरक्षा मित्र पहल और सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान को पूर्ण सहयोग देने की अपील की।
इस अवसर पर कर्नल संजीव शर्मा, CoERS, आईआईटी मद्रास ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से युवा वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सड़क सुरक्षा मित्रों को समुदाय और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु बताते हुए कहा कि जनभागीदारी और समन्वित प्रयासों से ही स्थायी व्यवहारगत परिवर्तन संभव है। उन्होंने CoERS की ओर से निरंतर वैज्ञानिक एवं तकनीकी सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ परामर्शदाता (एनेस्थीसिया) डॉ. एस. डी. मिश्रा ने सीपीआर तथा प्राथमिक आघात चिकित्सा का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए बताया कि दुर्घटना के बाद के प्रारंभिक कुछ मिनट जीवन रक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने समय पर प्राथमिक उपचार और तत्काल चिकित्सीय सहायता के महत्व पर प्रकाश डाला।
इसके पश्चात CoERS, आईआईटी मद्रास के प्रिंसिपल प्रोजेक्ट ऑफिसर श्री पंकज मेहरा ने सड़क सुरक्षा मित्रों को सड़क सुरक्षा ऑडिट, स्कूल जोन सुरक्षा, दुर्घटनास्थल प्रबंधन तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सड़क सुरक्षा मित्रों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षित सड़क व्यवहार को बढ़ावा देने तथा जनजागरूकता गतिविधियों का नेतृत्व करने हेतु सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग, एआरटीओ सहित अन्य स्टेक होल्डर विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

0 Comments