*जिलाधिकारी ने की पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा की, बैंकर्स को समयबद्ध ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश*
निराला साहित्य संवाद,
अम्बेडकरनगर। 21 मई 2026 जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रगति की समीक्षा की। बैठक में नगर निकायवार एवं बैंकवार प्रेषित, लंबित, स्वीकृत एवं वितरित आवेदनों की स्थिति का विस्तृत अवलोकन किया गया।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी बैंकर्स को निर्देशित किया कि विभिन्न शाखाओं में स्वीकृत आवेदनों पर तत्काल ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करते हुए उन्हें स्वीकृत कर लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना शहरी रेहड़ी-पटरी एवं लघु व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनाने की महत्वपूर्ण योजना है, उन्होंने अधिक से अधिक लाभार्थियों को सुगमता से योजना से आच्छादित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं नगर पंचायत को निर्देशित किया कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए तथा अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को योजना से लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निकाय लाभार्थियों को योजना की जानकारी उपलब्ध कराते हुए बैंकों से प्रभावी समन्वय स्थापित करें, और योजना का लाभ सरल एवं सुगम रूप से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने और रोजाना की प्रगति रिपोर्ट से अवगत कराने के निर्देश दिए। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक संबंधित विभागीय अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि एवं नगर निकायों के अधिशाषी अधिकारी उपस्थित रहे।

0 Comments