Hot Posts

6/recent/ticker-posts

जनपद में गो सेवा संवर्धन दिवस पर गो आश्रय स्थलों का सघन निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया गया व्यापक जायजा

 

*जनपद में गो सेवा संवर्धन दिवस पर गो आश्रय स्थलों का सघन निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया गया व्यापक जायजा*

*गोवंश संरक्षण हेतु प्राथमिकता पर हर आश्रय स्थल पर गुणवत्तापूर्ण व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखें–जिलाधिकारी*

निराला साहित्य संवाद,

अम्बेडकरनगर। 06 मई  2026 विगत दिवस आई आंधी एवं वर्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया के निर्देशानुसार आज “गो सेवा संवर्धन दिवस” के अवसर पर जनपद में संचालित समस्त 35 निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों का नोडल अधिकारियों द्वारा सघन भौतिक निरीक्षण किया गया। आश्रय स्थलवार नामित नोडल अधिकारियों द्वारा संबंधित पशु चिकित्सा अधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत सचिव की संयुक्त टीम के साथ प्रत्येक गौशाला का गहन निरीक्षण  व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया।

         निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आश्रय स्थलों में साफ-सफाई व्यवस्था, गोवंशों के लिए हरे चारे एवं भूसे का पर्याप्त भंडारण, संतुलित पशु आहार की उपलब्धता, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था तथा गौशालाओं में उपलब्ध समस्त आधारभूत सुविधाओं के साथ ही गोवंशों के स्वास्थ्य, बीमार पशुओं के उपचार एवं उनकी देखभाल की व्यवस्थाओं का भी विस्तृत अवलोकन किया गया। पशु चिकित्सा अधिकारियों द्वारा मौके पर ही आवश्यकतानुसार बीमार पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर त्वरित उपचार उपलब्ध कराया गया, और कमजोर अथवा बीमार गोवंशों के स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता देने और उनका विशेष देखभाल करने हेतु केयरटेकरों को निर्देशित किया गया।

          मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद के सभी निराश्रित गो आश्रय स्थलों की निगरानी निरंतर सीसीटीवी के माध्यम से की जा रही है। इसके अंतर्गत जनपद स्तर पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम से सतत निगरानी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि निगरानी के दौरान किसी भी गौशाला में समस्या परिलक्षित होने पर तत्काल संबंधित संचालक अथवा केयरटेकर से संपर्क स्थापित कर त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाता है।

       जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि गो आश्रय स्थलों में व्यवस्थाएं शासन की मंशा के अनुरूप उच्च गुणवत्ता की बनी रहें तथा गोवंशों के संरक्षण, पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी के माध्यम से गोवंशों के समुचित संरक्षण हेतु प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित रखी जाए। उन्होंने कहा कि गोवंश संरक्षण हेतु प्राथमिकता पर हर आश्रय स्थल पर गुणवत्तापूर्ण व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखें।                                       

            जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा अस्थाई गोवंश आश्रय स्थल जैतपुर खास भीटी, उपनिदेशक कृषि द्वारा अस्थाई गोवंश आश्रय स्थल सिसवाँ अकबरपुर, जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा वृहद गौ संरक्षण केंद्र अख़लासपुर रामनगर, जिला कृषि अधिकारी द्वारा अस्थाई गोवंश आश्रय स्थल बनगांव का निरीक्षण किया गया। इसी प्रकार अन्य आश्रय स्थलों से संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा आश्रय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

Post a Comment

0 Comments