Hot Posts

6/recent/ticker-posts

जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक संपन्न

 

*जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक संपन्न*

अम्बेडकरनगर। 22 फरवरी 2026 ,21 फरवरी 2026 को अपराह्न में भारत की जनगणना–2027 की प्रारंभिक तैयारियों के क्रम में जनपद स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में जनपद हेतु चयनित जनगणना कार्य निदेशालय के प्रतिनिधियों/कार्मिकों की उपस्थिति रही।

        जिलाधिकारी श्री शुक्ला ने अवगत कराया कि जनगणना–2027 भारत की जनगणना श्रृंखला की 16वीं तथा स्वतंत्रता के पश्चात आठवीं जनगणना होगी। यह ग्राम, वार्ड एवं नगर स्तर पर उपलब्ध आधिकारिक आँकड़ों का एकमात्र विश्वसनीय स्रोत है, जो शासन की नीतियों, योजनाओं एवं संसाधनों के न्यायसंगत वितरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

        बैठक में जनगणना कार्य निदेशालय के प्रतिनिधि श्री कपिल कुमार पांडे (सहायक निदेशक) एवं श्री अतुल सिंह (एसआई द्वितीय) द्वारा जनगणना अधिनियम, नियमों एवं कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही जनगणना-2027 की समयावधि, जनगणना चार्ज निर्धारण, पदानुक्रम, जनगणना मेट्रिक्स, स्व-गणना की प्रक्रिया, गतिविधियों की निगरानी व्यवस्था, प्रगणक एवं सुपरवाइजर सहित अन्य कार्मिकों की भूमिका एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा जनपद स्तर पर की जाने वाली तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

        जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील दायित्व है, अतः सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपेक्षित तैयारियाँ समयबद्ध ढंग से पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पहली बार जनगणना पूर्णतः डिजिटल मोड में आयोजित की जाएगी, जिसमें नागरिकों के लिए स्व-गणना (Self Enumeration) का भी प्रावधान रहेगा, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं प्रभावी होगी।

         बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु, परियोजना अधिकारी डीआरडीए, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, समस्त तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments