Hot Posts

6/recent/ticker-posts

अम्बेडकर नगर में गोवंशों की सेहत सुधारने के लिए नेपियर घास योजना शुरू

 

*अम्बेडकर नगर में गोवंशों की सेहत सुधारने के लिए नेपियर घास योजना शुरू*

अम्बेडकर नगर । 31 मार्च 2026 जनपद की गौशालाओं में संरक्षित गोवंशों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत गौशालाओं से संबद्ध चारागाहों एवं नजदीकी उपलब्ध भूमि पर नेपियर घास की बुवाई कराई जाएगी। यह घास बहुवर्षीय हरा चारा है, जिसे पूरे वर्ष काटकर गोवंशों को खिलाया जा सकता है।

        शासन स्तर से जनपद में कुल 10 हेक्टेयर भूमि पर नेपियर घास की बुवाई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 22,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से कुल 2 लाख 20 हजार रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। यह राशि मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा जनपद की 23 गौशालाओं को, भूमि उपलब्धता के आधार पर, उनके बैंक खातों में हस्तांतरित कर दी गई है।

        चारा बुवाई का कार्य संबंधित पंचायत सचिवों एवं ग्राम प्रधानों के माध्यम से कराया जाएगा। जनपद में कुल 39 गौशालाओं में लगभग 5200 गोवंश संरक्षित हैं, जिनके भरण-पोषण के लिए पहले से ही भूसा, पशु आहार एवं चोकर की व्यवस्था की जाती रही है। सरकार की प्राथमिकताओं में गोवंशों की बेहतर देखभाल प्रमुख रूप से शामिल है।

        नेपियर घास की विशेषता यह है कि इसे एक बार लगाने के बाद 5 से 7 वर्षों तक लगातार हर मौसम में हरा चारा प्राप्त होता रहता है। इसमें सभी आवश्यक पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो गोवंशों के स्वास्थ्य और दुग्ध उत्पादन के लिए अत्यंत लाभकारी माने जाते हैं।

       मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए. के. सिंह ने जनपद के पशुपालकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक मात्रा में नेपियर घास की खेती करें, जिससे पशुओं की सेहत में सुधार के साथ दुग्ध उत्पादन भी बढ़ाया जा सके। साथ ही, सभी खंड विकास अधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने स्तर पर गौशालाओं से जुड़े पंचायत सचिवों एवं ग्राम प्रधानों को चारा बुवाई के लिए आवश्यक निर्देश जारी करें।

Post a Comment

0 Comments