*जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु जनपद की समस्त तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन*
निराला साहित्य संवाद,
अम्बेडकरनगर। 07 जनवरी 2026 शासन की मंशा के अनुरूप जन सामान्य की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से माह फरवरी 2026 के प्रथम शनिवार को जनपद की समस्त तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उच्च अधिकारियों की अध्यक्षता में आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं तथा यथासंभव शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही किया गया।
इसी क्रम में तहसील जलालपुर में जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ, जिसमें कुल 100 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 05 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के निस्तारण हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए।
इसी प्रकार तहसील टांडा, भीटी, अकबरपुर एवं आलापुर में भी उच्च अधिकारियों की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया, जहां कुल 217 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 23 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही किया गया तथा शेष प्रकरणों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस प्रकार जनपद की सभी पांचों तहसीलों में कुल 317 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 28 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।
जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा प्रत्येक शिकायत का समाधान शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।

0 Comments