पाक्सो एक्ट के प्रावधानों को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक
बाल अधिकारों एवं महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान आयोजित
निराला साहित्य संवाद
अम्बेडकरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में गांधी जयंती के अवसर पर पाक्सो अधिनियम, 2012 के प्रावधानों, कानूनी नतीजों तथा महिला एवं बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को जनपद के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसी क्रम में प्रातःकालीन प्रार्थना सभा के दौरान पं. दीन दयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, रामनगर, आलापुर में न्यायाधिकारी ग्राम न्यायालय, आलापुर जान्हवी वर्मा द्वारा विद्यालय का भ्रमण कर छात्र-छात्राओं को पाक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों तथा अन्य महत्वपूर्ण बाल हितैषी कानूनों की जानकारी दी गई। उन्होंने बच्चों को उनके अधिकारों, अनुचित व्यवहार से बचाव तथा आवश्यकता पड़ने पर समय से शिकायत करने के संबंध में जागरूक किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, अभियान के लिए नामित नोडल अधिकारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अम्बेडकरनगर के प्राविधिक स्वयंसेवक शिवम यादव एवं आलोक प्रकाश भी मौजूद रहे।
इसी क्रम में सिविल जज(सी०डि०)त्वरित,अम्बेडकरनगर यादवेन्द्र सिंह ने सरदार पटेल स्मारक इंटर कॉलेज, लारपुर, अम्बेडकरनगर का भ्रमण किया। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं को पाक्सो अधिनियम के उद्देश्य, बच्चों की सुरक्षा, अनुचित व्यवहार के प्रति सजगता तथा किसी भी प्रकार की घटना होने पर समय से शिकायत करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप वर्मा, अभियान हेतु नामित नोडल अधिकारी अजय वर्मा तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अम्बेडकरनगर के प्राविधिक स्वयंसेवक अमर सिंह चौहान उपस्थित रहे।
जनपद के अन्य विद्यालयों में भी अभियान के अंतर्गत नामित नोडल अधिकारियों एवं शिक्षकों द्वारा छात्र-छात्राओं को पाक्सो अधिनियम के प्रावधानों, बाल सुलभ कानूनों तथा बाल अधिकारों के संबंध में जानकारी देकर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की आज की थीम “शोषण के खिलाफ बढ़ाएं कदम, पाक्सो कानून में है पूरा दम” रही। अभियान का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर उन्हें किसी भी प्रकार के शोषण या अनुचित व्यवहार के विरुद्ध सजग एवं जागरूक करना रहा।


0 Comments