*ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय तेंदुई कला में की करियर काउंसलिंग*

*ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्री थनिगईयरसन टी ने राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय तेंदुई कला में की करियर काउंसलिंग*

*विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित*

अम्बेडकरनगर। 29 सितंबर 2026। जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया के निर्देशानुसार 

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्री थनिगईयरसन टी द्वारा राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, तेंदुई कला, जहांगीरगंज में विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके करियर संबंधी प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा भविष्य की बेहतर तैयारी के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।

        ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता एवं अभिरुचि के अनुरूप करियर का लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय प्रबंधन एवं निरंतर प्रयास आवश्यक है। विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई के साथ-साथ सामान्य ज्ञान एवं समसामयिक विषयों की जानकारी बढ़ाने पर भी जोर दिया।

        उन्होंने विभिन्न उच्च शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों के संबंध में विद्यार्थियों को जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के सामने अनेक क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध हैं। आवश्यकता है कि विद्यार्थी अपने लक्ष्य के प्रति स्पष्ट रहें और योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करें।

      कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं उच्च शिक्षा से संबंधित प्रश्न पूछे। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का सरल एवं विस्तारपूर्वक उत्तर देते हुए उन्हें उचित दिशा में तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।

     कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने तथा शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।