*विश्व हिंदी दिवस पर जिला अग्रणी बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा हास्य कवि सम्मेलन का हुआ आयोजन*
निराला साहित्य संवाद,
अम्बेडकर नगर। 5 फरवरी 2026 विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर जिला अग्रणी बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, क्षेत्रीय कार्यालय, अम्बेडकर नगर द्वारा हास्य कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार की निरंतरता में आयोजित किया गया, जिसमें साहित्य, हास्य और हिंदी के प्रति प्रेम का सुंदर संगम देखने को मिला।कार्यक्रम की शोभा देश के प्रसिद्ध हास्य कवि श्री शम्भु शिखर ने अपनी ओजपूर्ण एवं हास्यपूर्ण रचनाओं से बढ़ाई। उनकी कविताओं ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और सभागार बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री साधु वर्मा जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।इस अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा, अम्बेडकर नगर के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री मिहिर कुमार झा, उप क्षेत्रीय प्रबंधक श्री सुरेश कुमार, अंचल राजभाषा अधिकारी सुश्री अनुमिता सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री कमलेश भास्कर एवं क्षेत्रीय व्यवसाय विकास प्रमुख श्री अभय कुमार सहित बैंक के अनेक अधिकारी, पत्रकार बंधु एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में राजभाषा हिंदी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंक कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। सभी वक्ताओं ने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर बल दिया। यह आयोजन न केवल मनोरंजन से भरपूर रहा, बल्कि हिंदी भाषा के प्रति जागरूकता और सम्मान को भी सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ।

0 Comments