![]() |
शिक्षक समायोजन को लेकर आरटीआई के तहत मांगी गई जानकारी, वरिष्ठता के आधार पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग
अम्बेडकर नगर। बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में शिक्षकों के सरप्लस समायोजन को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक इकाई राम नगर अध्यक्ष राजेश कुमार अकेला ने महत्वपूर्ण बिंदुओं पर स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लाक इकाई राम नगर के अध्यक्ष राजेश कुमार अकेला की ओर से 25 जुलाई 2026 को जन सूचनाधिकारी,सचिव, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज को पत्र भेजकर सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत जानकारी मांगी गई है। पत्र में परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की वरिष्ठता और समायोजन से जुड़े तीन प्रमुख बिंदुओं पर स्थिति स्पष्ट करने का अनुरोध किया गया है।
पहले बिंदु में पूछा गया है कि किसी विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों में वरिष्ठ शिक्षक का निर्धारण किस आधार पर किया जाएगा। इसके लिए तीन स्थितियों को स्पष्ट करने की मांग की गई है । जिस शिक्षक की प्रथम नियुक्ति सबसे पहले हुई हो, जो वर्तमान जनपद में सबसे पहले नियुक्त हुआ हो अथवा जो वर्तमान विद्यालय में सबसे पहले नियुक्त हुआ हो।
दूसरे बिंदु में उन प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कम्पोजिट विद्यालयों में प्रधानाध्यापक पद रिक्त होने की स्थिति पर जानकारी मांगी गई है, जहां प्रधानाध्यापक का पद रिक्त है लेकिन प्रधानाध्यापक के रूप में कार्यरत शिक्षक मौजूद है। पत्र में यह स्पष्ट करने की मांग की गई है कि ऐसे विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाध्यापक को सहायक अध्यापक की तुलना में वरिष्ठ माना जाएगा अथवा कनिष्ठ।
तीसरे बिंदु में उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विज्ञान एवं गणित वर्ग के शिक्षकों के आपसी समायोजन का आधार पूछा गया है। पत्र में यह जानना चाहा गया है कि विगत वर्षों में विज्ञान वर्ग के शिक्षकों का गणित वर्ग के शिक्षकों से तथा गणित वर्ग के शिक्षकों का विज्ञान वर्ग के शिक्षकों से जो समायोजन हुआ है और वर्तमान में भी हो रहा है, वह किस नियम अथवा आधार पर किया जा रहा है। शिक्षक संघ अध्यक्ष राजेश कुमार अकेला का कहना है कि इन बिंदुओं पर स्पष्ट सूचना मिलने से शिक्षकों के समायोजन में वरिष्ठता तथा विषयवार व्यवस्था को लेकर बनी असमंजस की स्थिति दूर हो सकेगी।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षकों के समायोजन को लेकर जुलाई 2026 में भी निर्देश और आपत्तियों से संबंधित गतिविधियां सामने आई हैं।
पत्र के अंत में जनसूचना अधिकारी,सचिव से उपरोक्त सूचनाएं स्पष्ट एवं पठनीय रूप में नियमानुसार सूचना उपलब्ध कराने का प्राथमिक शिक्षक संघ रामनगर अध्यक्ष राजेश कुमार अकेला ने अनुरोध किया है।


0 Comments