*15 मई को जनपद की सभी 899 ग्राम पंचायतों में एक साथ आयोजित होगी “ग्रीन चौपाल” — जिलाधिकारी ईशा प्रिया*
*15 मई को 899 ग्राम पंचायतों में गूंजेगा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, आयोजित होगी “ग्रीन चौपाल”*
*हर गांव बनेगा हरित जागरूकता का केंद्र, एक साथ होगी “ग्रीन चौपाल”*
*वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता का संकल्प लेकर जुटेंगी 899 ग्राम पंचायतें*
*जनपद में चलेगा सबसे बड़ा हरित जनअभियान, 15 मई को आयोजित होगी “ग्रीन चौपाल”*
*पेट्रोल-डीजल की बचत और ग्रीन परिवहन अपनाने का संदेश देगी “ग्रीन चौपाल”*
अम्बेडकरनगर। शासन के निर्देशानुसार पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 15 मई 2026 (माह के तृतीय शुक्रवार) को जनपद के पांचों तहसीलों एवं 09 विकास खंडों के समस्त 899 ग्राम पंचायतों में एक साथ प्रातः 09 बजे से 10 बजे तक “ग्रीन चौपाल” का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाला यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता एवं सतत विकास से संबंधित जनचेतना को जन-जन तक पहुंचाने का एक व्यापक प्रयास होगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्रीन चौपाल का शुभारंभ वृक्षारोपण के साथ किया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक परिवार द्वारा पाँच-पाँच पौधों के रोपण, पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल, वर्षा जल संचयन, सूखे एवं गीले कचरे के पृथक संकलन एवं प्रबंधन, गो-संरक्षण, पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने और माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय मुख्यमंत्री जी के आह्वान के अनुरूप पेट्रोल-डीजल की बचत तथा ग्रीन परिवहन को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सामूहिक रूप से जागरूक किया जाएगा। इसी के साथ ही मानसून को दृष्टिगत रखते हुए आगामी वृहद वृक्षारोपण महोत्सव की सफलता हेतु ग्राम पंचायतवार एक माह की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की अधिकतम ग्राम पंचायतों में एक साथ आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा जनजागरूकता अभियान सिद्ध होगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक परिवार अधिक से अधिक पौधरोपण कर कार्बन क्रेडिट फाइनेंस योजना के संभावित लाभों से भी जुड़ सकता है।
मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने बताया कि ग्रीन चौपाल के सफल आयोजन हेतु प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत सहायक, ग्राम पंचायत सचिव, लेखपाल एवं कानूनगो सहित संबंधित कार्मिकों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं। इसके अतिरिक्त जनपद स्तरीय अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में नामित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत अधिकाधिक वृक्षारोपण कर जनपद के हरित क्षेत्रफल में वृद्धि करना तथा आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रीन चौपाल के आयोजन से संबंधित समस्त तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में कार्यक्रम को प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं जनसहभागिता आधारित बनाया जाए। साथ ही उन्होंने समस्त ग्राम प्रधानों एवं आमजन से अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
0 Comments