Hot Posts

6/recent/ticker-posts

जल जीवन मिशन की समीक्षा में ओएचटी निर्माण और ‘हर घर जल’ प्रमाणन में तेजी लाने के निर्देश

 


जल जीवन मिशन की समीक्षा में ओएचटी निर्माण और ‘हर घर जल’ प्रमाणन में तेजी लाने के निर्देश


1,573 गांवों में संचालित पेयजल योजनाओं की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, क्षतिग्रस्त सड़कों का शत-प्रतिशत पुनर्स्थापन कराने पर जोर

श्याम चन्दर मौर्य

जिला संवाददाता, निराला साहित्य

अम्बेडकरनगर, 02 अक्टूबर 2026।


जल जीवन मिशन के तहत जिले में संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी वैभव मिश्रा की उपस्थिति में हुई बैठक में 1,573 गांवों में संचालित एवं निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं, ओवरहेड टैंक (ओएचटी) निर्माण, शिकायत निस्तारण, सड़क पुनर्स्थापन, थर्ड पार्टी निरीक्षण सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि जिले में लक्षित 571 ओएचटी के सापेक्ष 353 का निर्माण पूरा हो चुका है। पिछली समीक्षा के बाद 27 ओएचटी का निर्माण पूर्ण कराया गया है। वहीं 229 पेयजल योजनाओं के सभी कार्य पूर्ण कर उन्हें ओएंडएम को हस्तांतरित किया जा चुका है और इन योजनाओं के माध्यम से नियमित जलापूर्ति की जा रही है। शेष 342 योजनाओं को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूर्ण कराने की कार्रवाई चल रही है। वर्तमान में जिले के 1,009 गांवों में जलापूर्ति की जा रही है।

जिलाधिकारी ने दोनों कार्यदायी फर्मों विंध्य टेलीलिंक्स एवं वेलस्पन एंटरप्राइजेज के प्रोजेक्ट मैनेजरों को निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का अभियान चलाकर शत-प्रतिशत पुनर्स्थापन कराया जाए। उन्होंने सड़क मरम्मत में गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आईजीआरएस एवं जल जीवन मिशन हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक लेकर उसकी संतुष्टि सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने धनतेरस के अवसर पर जिले के 50 गांवों में ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा 92 शिरोपारी जलाशयों के अवशेष कार्यों को शीघ्र पूरा कराते हुए अक्टूबर माह के अंत तक उन्हें क्रियाशील कराने को कहा।

बैठक में जल जीवन मिशन के कार्यों की नियमित निगरानी, थर्ड पार्टी निरीक्षण तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर विशेष जोर दिया गया।

अधिकारियों ने ग्रामीणों से जल जीवन मिशन से संबंधित जानकारी प्राप्त करने और शिकायत दर्ज कराने के लिए ‘जल सारथी’ ऐप डाउनलोड करने की अपील की। सड़क मरम्मत से संबंधित शिकायत होने पर ऐप के माध्यम से संबंधित स्थल का वीडियो अपलोड कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

बैठक में जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता कमला शंकर, सहायक अभियंता नितेंद्र पांडेय एवं अभिषेक वर्मा, अवर अभियंता धर्मेंद्र प्रसाद, मुसीबत अली, मिथुन चक्रवर्ती, रजत पटेल, रजत चौधरी, सचिन सिंह एवं महेश चौरसिया सहित डीपीएमयू, टीपीआई तथा दोनों कार्यदायी फर्मों के ब्लॉक स्तरीय अभियंता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments