![]() |
*01 से 31 अक्टूबर तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान-2026 का डीएम ने किया शुभारंभ*
*डीएम ने जागरूकता रैली एवं प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना*
*डीएम ने दिलाई संचारी रोगों से बचाव एवं स्वच्छता अपनाने की शपथ*
अम्बेडकरनगर । 01 अक्टूबर 2026 जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट परिसर से आज दिनांक 01 अक्टूबर 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान-2026 का जागरूकता रैली एवं प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की शपथ दिलाई। सभी ने व्यक्तिगत साफ-सफाई का ध्यान रखने, घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखने, समुदाय को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित करने तथा आसपास जलजमाव न होने देने का संकल्प लिया। साथ ही संचारी रोगों से बचाव के लिए परिवार एवं समुदाय को जागरूक रखने तथा आसपास किसी व्यक्ति के बुखार से पीड़ित होने पर उसके परिजनों को तत्काल सरकारी अस्पताल में उपचार कराने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली।
शपथ के दौरान सभी ने संकल्प लिया कि “स्वच्छता की ओर बढ़ाया गया मेरा एक कदम पूरे देश को स्वच्छ बनाने तथा संचारी रोगों से दूर रखने में मदद करेगा। हमें अपने परिवार और अपने देश के लिए स्वस्थ रहना है।”
जिलाधिकारी ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में हाईरिस्क क्षेत्रों पर विशेष निगरानी, साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम, फॉगिंग एवं एंटी लार्वा छिड़काव को प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य एवं संबंधित विभागों की टीमों द्वारा जनसामान्य को संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के साथ ही घर-घर संपर्क कर आवश्यक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी जानकारी दी जाएगी। प्रचार वाहनों के माध्यम से भी ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, घर एवं आसपास पानी जमा न होने दें और बुखार अथवा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल विभागीय प्रयास नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सजगता, स्वच्छता और जनसहभागिता के साथ ही अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, मुख्य विकास अधिकारी श्री वैभव मिश्रा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


0 Comments