*जनपद के परिषदीय विद्यालयों में पहुंचे अधिकारी, बच्चों के साथ किया मध्यान्ह भोजन*
*जिलाधिकारी के निर्देश पर एक ही दिन में सभी विद्यालयों में पहुंचकर परखी मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता*
*अधिकारियों ने बच्चों से संवाद कर पढ़ाई के लिए किया प्रेरित, विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं का भी लिया जायजा*
अम्बेडकरनगर। 07 अक्टूबर 2026 जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया के निर्देश पर जनपद में परिषदीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जमीनी स्थिति जानने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जनपद, तहसील एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने एक ही दिन में जनपद के समस्त 1583 परिषदीय विद्यालयों का स्थलीय भ्रमण किया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने विद्यालयों में पहुंचकर बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता, मात्रा, स्वच्छता एवं वितरण व्यवस्था को स्वयं परखा। अधिकारियों ने बच्चों से भोजन की गुणवत्ता के संबंध में सीधे संवाद भी किया तथा यह सुनिश्चित किया कि उन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन प्राप्त हो रहा है।
बच्चों के साथ भोजन करने के साथ-साथ अधिकारियों ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, नियमित रूप से विद्यालय आने तथा अपने लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने बच्चों को शिक्षा को अपने उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बताते हुए मेहनत एवं अनुशासन के साथ अध्ययन करने का संदेश दिया।
इस दौरान विद्यालयों में उपलब्ध पेयजल, शौचालय, विद्युत, कक्षा-कक्ष, फर्नीचर, स्वच्छता, रसोईघर सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं के संबंध में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक सुधार के बिंदुओं को चिन्हित किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि शासन के मंशानुसार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। विद्यालयों में अधिकारियों की सीधी पहुंच का उद्देश्य व्यवस्थाओं का वास्तविक मूल्यांकन करने के साथ-साथ बच्चों के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करना और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान किए गए निरीक्षण की रिपोर्ट जनपद स्तर पर प्राप्त की गई है। प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

0 Comments