Hot Posts

6/recent/ticker-posts

संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं

*संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने सुनीं जनसमस्याएं*

*जन सामान्य की समस्याओं का करें त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण–जिलाधिकारी*

अम्बेडकरनगर। 06 जून 2026 शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का पारदर्शी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के तहत आज तहसील आलापुर में जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्री आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर प्रमोद कुमार, जिला विकास अधिकारी, परियोजना अधिकारी डीआरडीए सहित अन्य संबंधित विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

       इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनकर  संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने तत्काल निस्तारण योग्य मामलों का मौके पर ही समाधान कराया तथा शेष प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने भूमि विवाद से संबंधित प्रकरणों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के द्वारा मौके पर जाकर यथा सम्भव उभय पक्षों की उपस्थिति में समस्याओं का स्थाई समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सार्वजनिक भूमियों यथा चकमार्ग के पैमाइश/अतिक्रमण संबंधित प्रकरणों में तहसीलदार को पैमाइश कराने एवं खंड विकास अधिकारी से समन्वय स्थापित कर चकमार्गों पर मिट्टी पटाई कराए जाने के निर्देश दिए।

         जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की शिथिलता अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत के निस्तारण के उपरांत संबंधित शिकायतकर्ता से फीडबैक अवश्य प्राप्त किया जाए, जिससे निस्तारण की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन को त्वरित न्याय एवं राहत उपलब्ध कराना है, जिसके लिए सभी अधिकारी पूर्ण उत्तरदायित्व, संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। 

       तहसील आलापुर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 184 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर संबंधित शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की गई

Post a Comment

0 Comments