1 से 30 अप्रैल तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं 10 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान
*अप्रैल माह में चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण (1–30 अप्रैल) व दस्तक अभियान (10–30 अप्रैल), जिला टास्क फोर्स ने बनाई कार्ययोजना*
*संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु 1–30 अप्रैल अभियान, 10–30 अप्रैल दस्तक अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विभागों को दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन के निर्देश*
श्याम चन्दर मौर्य निराला साहित्य संवाद
अम्बेडकरनगर, 21 मार्च 2026
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में दिनांक 20 मार्च को अपराह्न में जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें शासन के निर्देशानुसार माह अप्रैल 2026 में संचालित होने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत रणनीति तय की गई।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अवगत कराया कि वेक्टर जनित रोगों, संचारी रोगों तथा दिमागी बुखार की रोकथाम एवं त्वरित उपचार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसी क्रम में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 10 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत जनपद में व्यापक साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम, एंटी लार्वा एवं फॉगिंग कार्य, शुद्ध पेयजल उपलब्धता, कूड़ा निस्तारण, नालियों की सफाई, हैंडपंपों के आसपास जलजमाव की समाप्ति, तथा मच्छर जनित रोगों की रोकथाम हेतु विशेष गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
दस्तक अभियान के दौरान आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर बुखार, खांसी, सांस संबंधी लक्षणों, टीबी, कुपोषण एवं अन्य रोगों के संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जाएगा। साथ ही समुदाय को स्वच्छता, हाथ धोने, सुरक्षित पेयजल उपयोग एवं रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न विभागों को उनके दायित्वों के संबंध में अवगत कराते हुए सभी विभागों को शासन द्वारा निर्धारित दायित्वों एवं कर्तव्यों का समय बाद निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अभियान के अंतर्गत नगर निकाय एवं पंचायती राज विभाग को साफ-सफाई एवं कचरा निस्तारण सुनिश्चित करने, शिक्षा विभाग को विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम चलाने, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग को कुपोषित बच्चों की पहचान एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराने, जल निगम एवं पेयजल विभाग को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा पशुपालन विभाग को पशुओं से फैलने वाले रोगों की रोकथाम हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने तथा जनसहभागिता को सुनिश्चित करते हुए शासन के मंशानुसार अभियान के अंतर्गत सभी गतिविधियों के सफल क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए प्रत्येक गतिविधि की संबंधित विभागाध्यक्ष नियमित मॉनिटरिंग करें तथा निर्धारित समय सीमा में लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें और जनपद में संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित रखें।

0 Comments