*22 जनवरी 2026 से चलेगा खुरपका मुहपका टीकाकरण अभियान*
अंबेडकरनगर। 20 जनवरी 2026 मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ0 अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि 22 जनवरी 2026 से चलेगा खुरपका मुहपका टीकाकरण अभियान। उन्होंने बताया कि जनपद में राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम अन्तर्गत खूरपका एवं मुहपका रोग से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान के सातवें चरण का आयोजन किया जा रहा है, यह अभियान आगामी 22 जनवरी से 10 मार्च2026 तक कुल 45 दिनों तक चलेगा। अभियान के दौरान पशु पालन विभाग की टीमे घर-घर जाकर गोवंश एवं महिष वंशीय पशुओं का टीकाकरण करेगी।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अम्बेडकरनगर ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत चार माह से अधिक आयु के सभी गोवंशीय एवं महिष वंशीय पशुओं का टीकाकरण किया जायेगा एवं 7 माह से अधिक गर्भवती गोवंशीय एवं महिष वंशीय पशुओं का टीकाकरण नहीं किया जायेगा। अभियान के सफल संचालन के लिए जनपद के 9 विकास खण्डों में कुल 18 टीमें गठित की गई है।जो रोस्टर के अनुसार ग्राम वार टीकाकरण कार्य सम्पादित करेगी।
उन्होंने अवगत कराया कि प्रत्येक टीम में उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी को सूपर वाइजर के रूप में नियुक्त किया गया है उनके मार्गदर्शन में पशुधन प्रसार अधिकारी, प्रशिक्षित मैत्री एवं पैरावेट टीकाकरण का कार्य करेंगे। टीकाकरण के उपरान्त सम्बंधित पशुधन प्रसार अधिकारी, मैत्री एवं पैरावेट भारत पशुधन ऐप पर टीकाकरण फीडिंग भी करेंगे जिसमें पशुओं का टैग नम्बर पशु पालकों का आधार एवं मोबाइल नंबर तथा पशु का पुर्ण विवरण पोर्टल पर फीड किया जायेगा फीडिंग के समय पशुपालक के मोबाइल नंबर पर OTP भी जायेगा जिसमें पशु पालकों को सहयोग करना चाहिए। टीकाकरण अभियान के सम्बन्ध में सभी अधिकारियों,कर्मचारियों एवं पैरावेट का संवेदीकरण किया जा चुका है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अम्बेडकरनगर ने जनपद के सभी पशु पालकों से अपील किया है कि वे टीकाकरण में सहयोग प्रदान करते हुए अभियान को सफल बनायें एवं अपने पशुओं का टीकाकरण कराकर बीमारी से मुक्त करायें।

0 Comments