श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
श्याम चन्दर मौर्य निराला साहित्य संवाद
दिनांक 24 दिसम्बर 2025। अम्बेडकर नगर
श्रम विभाग द्वारा विकासखंड जलालपुर के ग्राम सुरहुरपुर में श्रमिक पंजीकरण, पंजीकरण नवीनीकरण एवं श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (बी0ओ0सी0डब्ल्यू0) से संबंधित निरीक्षण कार्यवाही भी की गई।
साथ ही, मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत ग्रामीण महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन को सुदृढ़ एवं प्रोत्साहित किए जाने के उद्देश्य से एक विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग द्वारा श्रमिक पंजीकरण, पंजीकरण नवीनीकरण तथा श्रम विभाग एवं उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। इस अवसर पर कुल 25 श्रमिकों का नवीन पंजीकरण किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रमिकों एवं ग्रामीण नागरिकों को श्रम कानूनों (लेबर लॉ), कार्यस्थल पर सुरक्षा उपायों, तथा श्रमिकों के हितार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत एवं उपयोगी जानकारी राजबहादुर यादव, सहायक श्रम आयुक्त, अम्बेडकरनगर द्वारा प्रदान की गई। उन्होंने श्रमिकों को योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त करने हेतु आवश्यक प्रक्रियाओं, आवेदन प्रणाली एवं पात्रता मानकों से भी अवगत कराया।
उक्त कार्यक्रम में श्रम विभाग, अम्बेडकरनगर से राजबहादुर यादव, सहायक श्रम आयुक्त, कमलेश कुमार सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, आलोकनाथ पाठक, धर्मेन्द्र कुमार यादव तथा गैर-सरकारी संगठन जन शिक्षण केन्द्र से पुष्पा पाल, हेमलता मौर्या सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों एवं स्थानीय सहयोगियों की सक्रिय सहभागिता रही, जिनके सहयोग से कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में कुल 80 से अधिक श्रमिकों एवं ग्रामीण नागरिकों की उपस्थिति रही।


0 Comments